मोहाली -(मनदीप कौर )- फेज-1 थाना क्षेत्र के अधीन आने वाले मोहाली गांव में देर रात युवक और युवती पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां युवती की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक घटना रात करीब साढ़े 10 बजे की है। शुरुआती जानकारी में दोनों पर फायरिंग किए जाने की बात सामने आई थी, हालांकि पुलिस ने घटनास्थल से खाली खोल बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो पाएगी।

छोटे भाई के साथ दोस्ती की बात आई सामने
घायल युवक की पहचान 18 वर्षीय सलमान के रूप में हुई है। सलमान के भाई रिजवान ने बताया कि वह फेज-1 स्थित स्कूल में 12वीं कक्षा में पढ़ता है। रिजवान के मुताबिक सलमान और सुमन दोस्त हैं और सुमन भी मोहाली गांव में रहती है।
यह भी पढ़े:- हरियाणवी गायक अंकित बालियान हत्याकांड में बड़ा एनकाउंटर, पुलिस मुठभेड़ में दो शूटर ढेर
रिजवान ने बताया कि कुछ लोगों ने दोनों को बुलाया था, जिसके बाद उन पर हमला कर दिया गया। घटना से जुड़ी CCTV फुटेज भी सामने आने की बात कही जा रही है।
पुलिस जांच में क्या सामने आया?
घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। फेज-1 थाने के SHO सुखवीर सिंह के अनुसार शुरुआती जांच में मामला नशा तस्करी से जुड़े विवाद से संबंधित होने की आशंका सामने आ रही है, लेकिन इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस के मुताबिक अभी तक गोली चलने की कोई स्पष्ट पुष्टि नहीं हुई है। युवक के कंधे पर चोट मिली है, जबकि युवती के पेट में चोट लगी है। प्रारंभिक जांच के अनुसार दोनों पर किसी धारदार हथियार से हमला किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और CCTV फुटेज समेत अन्य सबूतों के आधार पर हमले की असली वजह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

