तरनतारन:-(मनदीप कौर )- बस अड्डे के बाहर एक युवक की बेरहमी से हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक की पहचान 25 वर्षीय जगजीत सिंह उर्फ जगा के रूप में हुई है। आरोप है कि दो सालों ने चाकुओं से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद एक आरोपी को राहगीरों ने पकड़ लिया, जबकि दूसरा मौके से फरार हो गया।
Love Marriage से नाराजगी का आरोप

जानकारी के अनुसार जगजीत सिंह डी.जे. का काम करता था और अक्सर अपने ननिहाल गांव नौरंगाबाद में रहता था। इसी दौरान उसका गांव की एक युवती से प्रेम संबंध शुरू हुआ। युवती के परिवार वाले इस रिश्ते के खिलाफ थे।
यह भी पढ़े:-मोहाली में युवक-युवती पर देर रात हमला, नशा तस्करी विवाद की आशंका
परिवार की कथित नाराजगी के बावजूद दोनों ने घर से भागकर शादी कर ली थी और करीब एक महीने तक बाहर रहे। बताया जा रहा है कि करीब चार दिन पहले ही जगजीत अपनी पत्नी के साथ वापस घर लौटा था।
बस अड्डे के बाहर घेरकर किया हमला
परिवार के अनुसार रविवार को जगजीत अपनी सास को बस अड्डे पर छोड़ने गया था। दोपहर करीब 12:02 बजे जब वह वापस लौट रहा था, तभी उसके दोनों सालों ने उसे घेर लिया। आरोप है कि दोनों के हाथों में चाकू थे।
हमले के दौरान जगजीत की मोटरसाइकिल फुटपाथ पर गिर गई और आरोपियों ने सड़क पर गिरने के बाद भी उस पर हमला जारी रखा। गंभीर रूप से घायल जगजीत की मौके पर ही मौत हो गई।
एक आरोपी गिरफ्तार, पत्नी हिरासत में
घटना के बाद एक आरोपी को राहगीरों ने मौके पर पकड़ लिया, जबकि दूसरा फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मृतक की पत्नी को भी हिरासत में लिया है।
पुलिस अब वारदात के पीछे की पूरी वजह, आरोपियों की भूमिका और Love Marriage से जुड़े विवाद की जांच कर रही है।

