मोगा-(मनदीप कौर)- पंजाब के मोगा जिले के अंगदपुरा मोहल्ले में फायरिंग की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, एक दुकान के बाहर बैठे युवकों पर स्कॉर्पियो में सवार होकर आए लोगों ने गोलियां चला दीं। इस घटना में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल बताए जा रहे हैं।
मृतकों की पहचान 30 वर्षीय गगन जिंदल और 40 वर्षीय साहिल जिंदल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों एक ही परिवार से संबंधित थे। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, घटना के समय दुकान के बाहर चार से पांच युवक बैठे हुए थे। इसी दौरान स्कॉर्पियो सवार कुछ लोग वहां पहुंचे और फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से कई युवक घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
एसएसपी सरताज सिंह चाहल के अनुसार, पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। पीड़ित परिवार की ओर से कुछ लोगों के नाम भी बताए गए हैं। पुलिस संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है।
पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके अलावा फॉरेंसिक टीम की मदद से मौके से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। शुरुआती जानकारी में पुरानी रंजिश की आशंका भी जताई जा रही है, हालांकि फायरिंग के पीछे की असली वजह की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

