लुधियाना -(मनदीप कौर)- हैबोवाल खुर्द स्थित सरकारी प्राइमरी स्कूल में उस समय मातम पसर गया, जब स्कूल के हेड टीचर हरजीत ग्रेवाल की क्लासरूम के अंदर अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। 49 वर्षीय हरजीत ग्रेवाल पिछले करीब साढ़े तीन साल से इसी स्कूल में सेवाएं निभा रहे थे।
क्लासरूम में अचानक बिगड़ी तबीयत

जानकारी के अनुसार, दोपहर के समय हेड टीचर हरजीत ग्रेवाल स्कूल की अलग-अलग कक्षाओं में जा रहे थे। इसी दौरान जब वह प्री-प्राइमरी क्लास में पहुंचे और बच्चों के सेशन के बारे में जानकारी लेने लगे, तो अचानक उनके सीने में तेज दर्द हुआ।
साथी अध्यापक ने उन्हें पानी पिलाने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान हरजीत ग्रेवाल अचानक फर्श पर गिर पड़े। घटना के बाद स्कूल स्टाफ में अफरा-तफरी मच गई।
पहले स्थानीय क्लीनिक, फिर DMC ले जाया गया
स्कूल स्टाफ तुरंत उन्हें स्थानीय क्लीनिक लेकर पहुंचा। इसके बाद उनकी हालत को देखते हुए DMC अस्पताल, लुधियाना ले जाने के लिए एंबुलेंस बुलाई गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने हरजीत ग्रेवाल को मृत घोषित कर दिया।
परिवार में छाया मातम
स्कूल स्टाफ की ओर से सूचना मिलने के बाद परिवार के सदस्य भी DMC अस्पताल पहुंचे। अचानक हुई इस मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। हरजीत ग्रेवाल का अंतिम संस्कार गांव ललतों में किया जाएगा।
हेड टीचर की अचानक मौत की खबर से स्कूल स्टाफ के साथ-साथ पूरे इलाके में भी शोक की लहर है।

