जालंधर -(मनदीप कौर)- कमिश्नरेट पुलिस की सीआईए टीम ने नशीले पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर 34 किलो 500 ग्राम चरस बरामद करने का दावा किया है। पुलिस जांच में इस मामले से जुड़े अन्य लोगों और नशे के नेटवर्क तक पहुंचने के लिए पूछताछ की जा रही है।
3 आरोपियों को किया गिरफ्तार

पुलिस के मुताबिक, मामले में देवानंद उर्फ नंदा को संदिग्ध हालत में रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से काले लिफाफे में करीब 1.5 किलो चरस बरामद हुई। इसके बाद थाना रामा मंडी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
यह भी पढ़े:-लुधियाना के सरकारी स्कूल में हेड टीचर की अचानक मौत, क्लासरूम में आया सीने में तेज दर्द
पूछताछ आगे बढ़ने पर आरोपी ने अपने अन्य साथियों के नामों का खुलासा किया। पुलिस ने बुद्ध बहादुर और सूर्यती उर्फ हिम रति को भी गिरफ्तार किया।
15 और 18 किलो चरस की बरामदगी
पुलिस जांच के दौरान बुद्ध बहादुर के कब्जे से 15 किलो और सूर्यती के कब्जे से 18 किलो चरस बरामद होने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपियों से कुल 34 किलो 500 ग्राम चरस बरामद की गई है।
पुलिस के मुताबिक, सूर्यती मूल रूप से नेपाल की रहने वाली है और फिलहाल होशियारपुर में रह रही थी। जांच में उसके नशे के इस कथित नेटवर्क से जुड़े होने की बात सामने आई है।
देवानंद का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया
पुलिस जांच में मुख्य आरोपी बताए जा रहे देवानंद उर्फ नंदा का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ पहले जालंधर कैंट और एनसीबी चंडीगढ़ में एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामले दर्ज हैं।
वहीं, पुलिस को बाकी दोनों आरोपियों का कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है।
बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक खंगाल रही पुलिस
तीनों आरोपी फिलहाल पुलिस रिमांड पर हैं। पुलिस अब उनसे पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि चरस की सप्लाई कहां से हो रही थी और इस नेटवर्क में इनके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हैं।
जांच एजेंसियां आरोपियों के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक खंगाल रही हैं, ताकि नशे की सप्लाई चेन से जुड़े अन्य संदिग्धों तक पहुंचा जा सके।
नोट: यह खबर पुलिस की ओर से सामने आई जानकारी और जांच के आधार पर तैयार की गई है। आरोपों की अंतिम पुष्टि अदालत में होने वाली कानूनी प्रक्रिया के बाद ही होगी।

