चंडीगढ़:-(Mandeep kaur)- पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की पत्नी डॉ. गुरप्रीत कौर मान ने कांग्रेस नेता एवं विधायक सुखपाल सिंह खैरा और अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया को कानूनी नोटिस भेजा है। नोटिस में कथित तौर पर उनके खिलाफ की गई टिप्पणियों और सोशल मीडिया पर साझा की गई सामग्री को लेकर 24 घंटे के भीतर माफी मांगने की मांग की गई है। ऐसा नहीं करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
क्या है पूरा विवाद?

यह विवाद पूर्व पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट जज जस्टिस (रिटायर्ड) रंजीत सिंह से जुड़े आरोपों के बाद शुरू हुआ। इस मामले में डॉ. गुरप्रीत कौर ने पहले भी जस्टिस रंजीत सिंह को कानूनी नोटिस भेजकर आरोपों को खारिज किया था और माफी की मांग की थी।
यह भी पढ़े:-जालंधर बाईपास पर चालान के दौरान हंगामा, पुलिसकर्मी ने चालक को थप्पड़ मारा? वीडियो वायरल
इसके बाद मामला पंजाब की राजनीति में भी गरमा गया। विपक्षी नेताओं की ओर से इस मुद्दे पर सवाल उठाए गए, जबकि डॉ. गुरप्रीत कौर ने आरोपों को निराधार बताते हुए कानूनी रास्ता अपनाने की बात कही।
खैरा और मजीठिया को क्या चेतावनी?
नए कानूनी नोटिस में डॉ. गुरप्रीत कौर ने सुखपाल सिंह खैरा और बिक्रम सिंह मजीठिया से कथित आपत्तिजनक सामग्री हटाने और माफी मांगने की मांग की है। रिपोर्टों के मुताबिक, नोटिस में 24 घंटे की समयसीमा दी गई है। समयसीमा के भीतर जवाब या माफी नहीं मिलने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
सुखपाल खैरा ने क्या कहा?
सुखपाल सिंह खैरा ने नोटिस मिलने की पुष्टि करते हुए कहा है कि वह इसका जवाब नहीं देंगे और यदि उनके खिलाफ मानहानि का मामला दर्ज किया जाता है तो वह कानूनी तौर पर उसका सामना करेंगे।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद पंजाब की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर और तेज होने की संभावना है।

