गुरदासपुर -(मनदीप कौर)- बटाला से कलानौर जाने वाली मुख्य सड़क पर स्थित कादला बांगर इलाके में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। यहां मुख्य बस स्टैंड के पास पुलिस चौकी के सामने ही चोरों ने करीब 10 दुकानों को निशाना बनाया। चोर दुकानों के ताले तोड़कर नकदी, मोबाइल फोन और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, वारदात देर रात करीब 1:30 बजे से सुबह 4:10 बजे के बीच हुई। आसपास की दुकानों के CCTV कैमरे खंगालने पर पुलिस को करीब 7 से 8 संदिग्धों के होने की जानकारी मिली है।

CCTV फुटेज में नजर आए कई संदिग्ध
दुकानदारों के मुताबिक, चोरों ने बेखौफ होकर कई दुकानों के ताले तोड़े और सामान लेकर फरार हो गए। वारदात के बाद चोरों ने मुख्य सड़क पर कथित तौर पर डांस भी किया।
यह भी पढ़े:-पंजाब में बिजली संकट पर CM भगवंत मान का बड़ा बयान, कोयला सप्लाई को लेकर मिली राहत
CCTV फुटेज सामने आने के बाद मामले को लेकर इलाके में काफी रोष है।
दुकानदारों ने किया प्रदर्शन
सुबह जब दुकानदारों को चोरी की जानकारी मिली तो उनमें भारी नाराजगी देखने को मिली। लोगों ने प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और सड़क पर धरना देकर यातायात भी प्रभावित किया।
दुकानदारों का कहना है कि पुलिस चौकी के नजदीक इतनी बड़ी वारदात होना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से जल्द आरोपियों को पकड़ने और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस से उम्मीद है कि जांच आगे बढ़ने के साथ आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिलेगी।

