फिरोजपुर -(मनदीप कौर)- पंजाब के फिरोजपुर जिले में चोरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। थाना घल्ल खुर्द के अंतर्गत गांव ठेठर कलां के बस अड्डे के पास स्थित एक दुकान को चोरों ने निशाना बनाया। तीन नकाबपोश चोर दुकान का शटर तोड़कर अंदर दाखिल हुए और करीब डेढ़ लाख रुपये का कीमती सामान चोरी करके फरार हो गए। चोरी की पूरी वारदात दुकान के आसपास लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है।
सुबह दुकान खोलने पहुंचा मालिक तो उड़ गए होश

पीड़ित दुकानदार सुखचैन सिंह के मुताबिक, वह रोजाना की तरह रात को अपनी दुकान बंद करके घर चले गए थे। सुबह जब वह दुकान खोलने पहुंचे तो शटर टूटा हुआ देखकर हैरान रह गए। अंदर जाकर देखा तो दुकान का सामान बिखरा पड़ा था और कई कीमती इलेक्ट्रॉनिक सामान गायब थे।
CCTV में कैद हुए तीन नकाबपोश चोर
घटनास्थल के CCTV फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि तीन चोर दुकान के बाहर पहुंचते हैं और बिना किसी डर के शटर तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देते हैं। चोरों ने दुकान में रखे दो इन्वर्टर बैटरी, दो 16 इंच की LED, 10 कीपैड मोबाइल फोन, छह पीस एयरपॉड्स और दो एप्पल वॉच चोरी कर लिए। दुकानदार के अनुसार, इस वारदात में करीब डेढ़ लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
घटना की सूचना मिलते ही थाना घल्ल खुर्द की पुलिस मौके पर पहुंची और CCTV फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने पीड़ित दुकानदार की शिकायत के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर बताए जा रहे हैं और उनकी तलाश की जा रही है।
CCTV फुटेज सामने आने के बाद अब पुलिस आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

