अमृतसर -( मनदीप कौर)- जंडियाला गुरु के गांव गुनीवाला में शादी की बात को लेकर दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि बड़ी संख्या में युवकों ने एक घर पर ईंट-पत्थर बरसाए और वहां खड़ी स्विफ्ट कार में तोड़फोड़ कर दी। घटना के बाद गांव में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया।
शादी की बात से शुरू हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, मामला शुरुआत में शादी के रिश्ते को लेकर बातचीत से जुड़ा था। राजविंदर कौर के अनुसार, उन्होंने शादी के संबंध में दूसरे पक्ष की महिलाओं से बातचीत की थी और मामला सुलझाकर अपने घर लौट आई थीं। आरोप है कि इसके बाद दूसरे पक्ष के युवकों ने उनके घर के बाहर पहुंचकर हंगामा शुरू कर दिया।
यह भी पढ़े:-जालंधर में मोदी फार्म की फैक्ट्री में भीषण आग, शेड गिरा; एक व्यक्ति घायल
परिवार का आरोप है कि करीब 40 से 50 युवकों ने घर पर ईंट-पत्थर फेंके। इस दौरान घर की छत पत्थरों से भर गई और बाहर खड़ी स्विफ्ट गाड़ी को भी नुकसान पहुंचा। परिवार की ओर से यह भी आरोप लगाया गया कि पथराव में उनके पिता की नाक पर पत्थर लगने से वह घायल हो गए।
बेटे को भी आई चोट, अस्पताल में कराया भर्ती
झड़प के दौरान दूसरे पक्ष के एक युवक के घायल होने की बात भी सामने आई है। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
दूसरे पक्ष की ओर से आरोपों को गलत बताते हुए कहा गया कि विवाद की शुरुआत रिश्ते की बात से हुई थी। उनका कहना है कि पहले उनके परिवार के सदस्य के साथ हाथापाई हुई और बाद में युवकों के बीच विवाद बढ़ गया।
112 पर कॉल के बाद पहुंची पुलिस
घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बन गई। मामले की सूचना 112 पर मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस की ओर से मामले में CCTV फुटेज के आधार पर जांच किए जाने की बात सामने आई है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि हिंसा के लिए कौन जिम्मेदार है।
फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है। गांव के लोगों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

