जालंधर -(मनदीप कौर )- बस्ती बावा खेल इलाके में स्थित मोदी फार्म की गधे बनाने वाली फैक्ट्री में गुरुवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और फैक्ट्री से उठता काला धुआं दूर तक दिखाई देने लगा। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का अभियान शुरू किया। अधिकारियों के मुताबिक, मौके पर करीब 8 से 10 गाड़ियां पहुंचीं। फायर ब्रिगेड की टीमों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर करीब 95 प्रतिशत तक काबू पा लिया।

शेड गिरने से एक व्यक्ति घायल
आग के दौरान फैक्ट्री का एक शेड गिर गया, जिससे वहां मौजूद एक व्यक्ति घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
बताया जा रहा है कि आग की लपटें फैक्ट्री से निकलकर आसपास के इलाके तक पहुंचने लगी थीं, जिससे लोगों में डर का माहौल पैदा हो गया।
फैक्ट्री में मौजूद थे LPG सिलेंडर
घटना को गंभीर बनाने वाली बात यह रही कि फैक्ट्री के अंदर बड़ी मात्रा में LPG कमर्शियल सिलेंडर मौजूद होने की बात सामने आई है। आग के बीच सिलेंडरों की मौजूदगी से बड़ा हादसा होने का खतरा बना हुआ था। फायर ब्रिगेड की टीमों ने सावधानी के साथ आग को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
ADFO मनिंदर सिंह के अनुसार, उन्हें सुबह करीब 9:15 बजे मोदी फार्म फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आग के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
फिलहाल आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया है और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित करने में जुटी हुई हैं। फैक्ट्री में हुए नुकसान का सही आकलन आग पूरी तरह बुझने के बाद ही सामने आएगा।

