अमृतसर -(मनदीप कौर)- अमृतसर रोड पर बाबा बुड्ढा साहिब मोड़ के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव ठट्ठा निवासी दिलबाग सिंह अपनी पत्नी राजवंत कौर को ड्यूटी पर छोड़ने जा रहे थे। राजवंत कौर कोट धर्म चंद में आंगनवाड़ी वर्कर के रूप में कार्यरत थीं। जब दंपती बाबा बुड्ढा साहिब मोड़ से मुड़ने लगे, तभी अमृतसर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।

ट्रक के टायर के नीचे आने से महिला की मौत
हादसा इतना गंभीर था कि राजवंत कौर ट्रक के टायर के नीचे आ गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उनके पति दिलबाग सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
पुलिस के देर से पहुंचने पर लोगों ने लगाया धरना
घटना स्थल पर झब्बाल पुलिस के कथित तौर पर देरी से पहुंचने के विरोध में स्थानीय लोगों ने बाबा बुड्ढा साहिब मोड़ पर धरना लगाया और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की।
दूसरी ओर, झब्बाल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतक आंगनवाड़ी वर्कर राजवंत कौर के शव को कब्जे में लिया और मामले में कार्रवाई शुरू कर दी।
इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। हादसे के कारणों और पुलिस की आगे की कार्रवाई से संबंधित विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।

