अमृतसर -( मनदीप कौर)-पंजाब के अमृतसर में अटारी-वाघा बॉर्डर के पास मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना की बस पर हमला किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। घटना के समय बस में करीब 45 श्रद्धालु सवार थे, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं और बुजुर्ग शामिल थे। हमले के बाद बस में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़े:-https://chardapunjabtv.com/ludhiana-toll-plaza-free-today-farmers-protest-fta/
शिकायत के अनुसार, 21 जुलाई 2026 को सुबह करीब 4:30 बजे तीर्थयात्रियों से भरी बस श्री हरिमंदिर साहिब, अमृतसर से रवाना हुई थी। सुबह करीब 5:41 बजे जब बस अटारी-वाघा सीमा के पास पहुंची, तभी एक स्विफ्ट कार में सवार दो युवकों ने बस के आगे खतरनाक तरीके से वाहन चलाना शुरू कर दिया।
जब बस स्टाफ ने उन्हें ऐसा करने से रोका, तो आरोपियों ने कार बस के सामने रोक दी। इसके बाद दोनों युवक गाली-गलौज करने लगे और बेसबॉल बैट व गंडासा निकालकर बस कर्मियों को धमकाने लगे।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि हमलावरों ने मनजीत सिंह पर जान से मारने की नीयत से हमला किया। हालांकि वार उनके मोबाइल फोन पर लगने से मोबाइल टूट गया और वह गंभीर रूप से घायल होने से बच गए।
बस में उस समय लगभग 45 श्रद्धालु सवार थे, जिनमें करीब 80 प्रतिशत महिलाएं और 20 प्रतिशत बुजुर्ग थे। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपियों ने एक दिव्यांग श्रद्धालु को धक्का देकर गिरा दिया, जिससे यात्रियों में भय का माहौल बन गया।
मामला थाना घरिंडा क्षेत्र का है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281, 125ए, 126(2), 351 और 109 के तहत केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है।

