वॉशिंगटन: अमेरिका के लॉस एंजिल्स में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां एक न्यूज़ चैनल का हेलीकॉप्टर बस दुर्घटना की लाइव कवरेज के दौरान अनियंत्रित होकर दो व्यावसायिक इमारतों के बीच जा गिरा। हादसे के बाद हेलीकॉप्टर में भीषण आग लग गई।
स्थानीय फायर डिपार्टमेंट के अनुसार, हादसा शहर के बाहरी इलाके चैट्सवर्थ में हुआ। हेलीकॉप्टर एक गंभीर बस हादसे की कवरेज कर रहा था, इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह जमीन पर जा गिरा।

हादसे में 3 लोगों की मौत
हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद मौके पर आग की लपटें उठने लगीं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक इस हादसे में कम से कम 3 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया है। घायल को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
50 से ज्यादा दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे
क्रैश की सूचना मिलते ही लॉस एंजिल्स फायर डिपार्टमेंट की 50 से अधिक दमकलकर्मी और राहत दल मौके पर पहुंचे। कई घंटे की मशक्कत के बाद कंटेनरों और वाहनों में लगी आग पर काबू पाया गया।
यह भी पढ़े:- सुल्तानपुर लोधी में रेस्टोरेंट में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख
हादसे के बाद अधिकारियों ने मलबे की जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हेलीकॉप्टर में कोई तकनीकी खराबी आई थी या किसी अन्य कारण से पायलट ने नियंत्रण खोया।
हेलीकॉप्टर में कौन-कौन था?
अधिकारी मलबे की बारीकी से जांच कर यह पता लगाने में जुटे हैं कि उड़ान के समय हेलीकॉप्टर में कुल कितने क्रू मेंबर और पत्रकार मौजूद थे। हादसे के कारणों की जांच अमेरिकी एविएशन अथॉरिटी और स्थानीय जांच एजेंसियां कर रही हैं।

