कपूरथला/सुल्तानपुर लोधी -(मनदीप कौर)- सुल्तानपुर लोधी में बुधवार सुबह एक रेस्टोरेंट में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने रेस्टोरेंट के अंदर रखे फर्नीचर, उपकरण और अन्य सामान को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
कुछ ही मिनटों में आग ने लिया विकराल रूप

मिली जानकारी के अनुसार सुबह करीब 7:30 बजे रेस्टोरेंट से धुआं और आग की लपटें निकलती दिखाई दीं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शुरुआत में लोगों को लगा कि अंदर कोई तंदूर जल रहा होगा, लेकिन आग की लपटें तेज होने के बाद स्थिति गंभीर हो गई।
यह भी पढ़े:-लुधियाना में 22 वर्षीय महिला की संदिग्ध मौत, ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप
लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से रेस्टोरेंट का काफी सामान जलकर राख हो गया।
करीब 50 लाख रुपये के नुकसान का दावा
रेस्टोरेंट के मालिक सरपंच बलकार सिंह ने बताया कि आग अचानक लगी और सूचना मिलते ही दमकल विभाग को जानकारी दी गई। उनके अनुसार आग की घटना में करीब 50 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
शुरुआती जानकारी में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। हालांकि संबंधित विभाग की जांच के बाद ही आग लगने का वास्तविक कारण स्पष्ट होगा।
कोई जानी नुकसान नहीं
दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार घटना में किसी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है। फिलहाल संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच कर रहा है।

