हरिद्वार -( ब्यूरो रिपोर्ट)- रक्षाबंधन से कुछ दिन पहले उत्तराखंड के हरिद्वार से रिश्तों को झकझोर देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। रुड़की में एक भाई पर अपनी दो सगी बहनों की गोली मारकर हत्या करने का आरोप है। इस वारदात में एक बहन का पति भी गोली लगने से घायल हुआ है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रक्षाबंधन से पहले दो बहनों की हत्या

जानकारी के मुताबिक, यह घटना हरिद्वार जिले के रुड़की क्षेत्र में गंगनहर कोतवाली इलाके की बताई जा रही है। आरोप है कि गणेशपुर की प्रीत विहार कॉलोनी में 50 वर्षीय शंकुतला को गोली मारी गई।
यह भी पढ़े:-पंजाब में सरकारी कर्मचारियों की हड़ताल, DC ऑफिस के बाहर जोरदार प्रदर्शन; CM मान के साथ बैठक पर टिकी नजरें
इसके बाद आरोपी ने आजाद नगर में रहने वाली अपनी 48 वर्षीय बहन पुष्पा को भी गोली मार दी। गोली लगने से दोनों बहनों की मौत हो गई। वहीं, इस दौरान एक बहन का पति भी गोली लगने से घायल हो गया।
वारदात के बाद फरार हुआ आरोपी
दोनों घटनाओं के बाद आरोपी भाई मौके से फरार हो गया। दो बहनों की हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और दोनों घटनास्थलों का जायजा लिया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी की तलाश के साथ-साथ पुलिस वारदात के पीछे की वजह का भी पता लगाने में जुटी है। फिलहाल हत्या के कारणों को लेकर पुलिस जांच जारी है।
रक्षाबंधन से पहले दर्दनाक घटना
रक्षाबंधन से महज कुछ दिन पहले हुई इस घटना ने भाई-बहन के रिश्ते को लेकर हर किसी को झकझोर दिया है। दो बहनों की मौत और एक व्यक्ति के घायल होने के बाद इलाके में मातम और तनाव का माहौल है। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।

