अमृतसर -(मनदीप कौर)- अमृतसर जिले के बाबा बकाला साहिब में ऐतिहासिक जोड़ मेले और राजनीतिक कांफ्रेंसों को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। मेले के दौरान अमन-कानून बनाए रखने के लिए पांच जिलों की पुलिस के साथ पंजाब आर्म्ड पुलिस (PAP) की टीमें भी तैनात की जाएंगी।
पठानकोट, गुरदासपुर, बटाला, अमृतसर देहात और अमृतसर शहर की पुलिस के अलावा PAP की दो कमांडेंट स्तर की टीमें भी ड्यूटी पर रहेंगी। सुरक्षा व्यवस्था के चलते तहसील कॉम्प्लेक्स के आसपास का क्षेत्र पुलिस छावनी में तब्दील रहेगा।

28 अगस्त को बदले रहेंगे ट्रैफिक रूट
बाबा बकाला साहिब के जोड़ मेले वाले दिन 28 अगस्त को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक ट्रैफिक रूट में बदलाव किया गया है। पुलिस प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे परेशानी से बचने के लिए निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।
यह भी पढ़े:- पिंजौर में बुटीक संचालिका की हत्या, डायरी में पति समेत ससुराल वालों के नाम लिखे होने का दावा
अमृतसर से जालंधर आने-जाने वालों के लिए नया रूट
अमृतसर से जालंधर जाने और जालंधर से अमृतसर आने वाली ट्रैफिक को मानांवाला, तरनतारन बाईपास, गोइंदवाल साहिब, करतारपुर और कपूरथला के रास्ते भेजा जाएगा।
जालंधर से बटाला जाने का रूट
जालंधर से बटाला आने-जाने वाले वाहन सुभानपुर, नडाला, रड़ामोड़ और श्री हरगोबिंदपुर साहिब के रास्ते से गुजरेंगे।
बटाला से जालंधर जाने वालों के लिए रूट
बटाला से जालंधर जाने वाली ट्रैफिक को श्री हरगोबिंदपुर साहिब और टांडा के रास्ते भेजा जाएगा।
वाहन चालकों से पुलिस ने की सहयोग की अपील
पुलिस प्रशासन ने वाहन मालिकों से अपील की है कि 28 अगस्त को मेले के दौरान निर्धारित डायवर्जन का पालन करें। इससे ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू रखने के साथ लोगों को अनावश्यक परेशानी से बचाया जा सकेगा।
मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए हैं।

