जालंधर -(मनदीप कौर)- एपीजे कॉलेज के सामने एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। आरोप है कि अनुसार बांसल स्वीट्स के बाहर पुलिस कर्मचारी की कार ने स्कूली बच्चों को ले जा रहे ऑटो को टक्कर मार दी। हादसे में एक स्कूली बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस कर्मचारी गुरनाम सिंह अमृतसर से जालंधर पीएपी जा रहे थे। इसी दौरान गाड़ी मोड़ते समय उनका ध्यान दूसरी तरफ था और कार की ऑटो से टक्कर हो गई। हादसे में ऑटो में सवार एक स्कूली बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। हालांकि पुलिस कर्मचारी के अनुसार बच्चे की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

घायल बच्चे की हालत गंभीर, ICU में इलाज
हादसे के बाद पुलिस कर्मचारी घायल बच्चे को निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। लेकिन बच्चे की हालत गंभीर होने के कारण उसे दूसरे अस्पताल में रेफर किया गया, जहां ICU में डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। परिवार बच्चे के उपचार को लेकर बेहद परेशान है।
यह भी पढ़े:-https://chardapunjabtv.com/hisar-court-gangster-vinod-kana-murder-firing/
बताया जा रहा है कि बच्चे के परिजन उसे स्कूटर पर लेकर अस्पताल जाने की तैयारी कर रहे थे। वहीं पुलिस कर्मचारी बच्चे की मदद कर उसे अस्पताल के अंदर ले जाने के बजाय अपनी क्षतिग्रस्त गाड़ी को देखने लगे। सामने आई तस्वीरों में मां बच्चों के इलाज के लिए स्ट्रेचर का इंतजाम करती नजर आ रही हैं, जबकि पुलिस कर्मचारी अपनी गाड़ी को हुए नुकसान की तरफ देखते दिखाई दे रहे हैं।
मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल
घायल बच्चे की हालत को लेकर परिवार में चिंता का माहौल है। हादसे के बाद मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल बताया जा रहा है। वहीं पुलिस कर्मचारी से जब घायल बच्चे की स्थिति के बीच उनकी गाड़ी को हुए नुकसान का जायजा लेने के बारे में सवाल किया गया तो वह सवाल का जवाब देने में कतरा गए।
फिलहाल बच्चे का अस्पताल में उपचार जारी है। हादसे को लेकर सामने आई जानकारी के आधार पर मामले की पूरी स्थिति और जिम्मेदारी को लेकर जांच के बाद ही तस्वीर साफ हो सकेगी।

