चंडीगढ़ -(मनदीप कौर)- सेक्टर-26 स्थित सब्जी मंडी में देर रात सब्जी से भरी गाड़ी खड़ी करने को लेकर दो आढ़तियों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में हाथापाई शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान एक आढ़ती ने अपने बेटों के साथ मिलकर दूसरे आढ़ती पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल आढ़ती की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई।
मृतक की पहचान 43 वर्षीय देशराज के रूप में हुई है, जो मूल रूप से ऊना का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गाड़ी खड़ी करने को लेकर हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, देशराज और उत्तर प्रदेश निवासी विनोद दोनों सेक्टर-26 सब्जी मंडी में पिकअप गाड़ियों के जरिए अलग-अलग क्षेत्रों से सब्जियां लाकर बेचते थे। रात करीब 10 बजे देशराज अपनी गाड़ी लेकर मंडी में सब्जी बेच रहा था।
इसी दौरान विनोद अपने बेटों के साथ वहां पहुंचा और देशराज से गाड़ी हटाने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद हाथापाई तक पहुंच गया।
चाकू से हमला करने का आरोप
आरोप है कि विवाद के दौरान विनोद और उसके बेटों ने चाकू निकालकर देशराज पर हमला कर दिया। हमले में देशराज गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर गया।
मंडी में मौजूद लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन तब तक आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
सूचना मिलने के बाद पुलिस घायल देशराज को जीएमसीएच-32 लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। मोबाइल फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से खून के धब्बों समेत अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी विनोद और उसके बेटों की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद हत्या की वजह और पूरे घटनाक्रम की तस्वीर और स्पष्ट होने की उम्मीद है।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।

