कपूरथला -(मनदीप कौर)- जिले के बिशनपुर जटुआना गांव में देर रात पुरानी रंजिश के चलते बाइक सवार दो हमलावरों ने दो भाइयों पर गोलियां चला दीं। फायरिंग की इस घटना में 24 वर्षीय लवप्रीत सिंह उर्फ लब्बा की मौत हो गई, जबकि उसका छोटा भाई हरशदीप गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को सिविल अस्पताल कपूरथला में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी डॉ. शीतल सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, घटनास्थल से सबूत जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने मौके से खाली खोल और अन्य निशान अपने कब्जे में लिए हैं।

मृतक की मां के अनुसार, लवप्रीत का गांव के कुछ लोगों के साथ पहले से विवाद चल रहा था और उसे लगातार धमकियां मिल रही थीं। इसी डर के कारण परिवार ने उसे गांव से दूर रिश्तेदारों के पास रखा हुआ था। मंगलवार को लवप्रीत ने फोन कर घर आने के लिए कहा था, लेकिन उसकी मां ने मना कर दिया था।
इसके बावजूद जब वह गांव पहुंचा तो हमलावरों ने उसे निशाना बना लिया। पुलिस के अनुसार, हमले में शामिल आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस पुरानी रंजिश से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

