जालंधर -(मनदीप कौर)- शहर के भार्गव कैंप इलाके में एक निर्माणाधीन बिल्डिंग से चोरी की कोशिश उस समय नाकाम हो गई, जब लोगों ने एक नाबालिग को रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी बिजली की तारें और एसी के पाइप चुराकर भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन लोगों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।


जानकारी के अनुसार, बिल्डिंग में काम कर रहे मुकेश कुमार रोज की तरह सुबह काम पर पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने एक नाबालिग को बिल्डिंग के अंदर घुसकर बिजली की तारें और एसी के पाइप निकालते देखा। जब उन्होंने शोर मचाया तो आरोपी चोरी का सामान छोड़कर भागने लगा।
यह भी पढ़े:-https://chardapunjabtv.com/jalandhar-ed-187-crore-property-attach-cyber-fraud/
मुकेश कुमार और आसपास मौजूद लोगों ने आरोपी का पीछा किया और कुछ दूरी पर उसे पकड़ लिया। इसके बाद बिल्डिंग मालिक को सूचना दी गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। बाद में थाना भार्गव कैंप पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और नाबालिग को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के बाद तुरंत कार्रवाई की गई। अब बिल्डिंग मालिक के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

