मोहाली -(मनदीप कौर)- मोहाली के डेराबस्सी इलाके में एक जिम के बाहर फायरिंग की घटना सामने आई है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। राहत की बात यह रही कि गोली किसी व्यक्ति को नहीं लगी और बड़ा हादसा टल गया। आरोपी घटनास्थल पर अपनी पिस्टल छोड़कर फरार हो गया, जिसे स्थानीय लोगों ने पुलिस के हवाले कर दिया।
कहासुनी के बाद चली गोली

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जिम के बाहर कुछ युवक खड़े थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार एक युवक वहां पहुंचा और उसकी एक युवक से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच हाथापाई शुरू हो गई।
यह भी पढ़े:-https://chardapunjabtv.com/jamnagar-husband-murder-case-body-found-after-2-years/
हाथापाई के दौरान चली फायरिंग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाथापाई के दौरान आरोपी ने पिस्टल निकालकर युवक पर तान दी और फायरिंग कर दी। अफरातफरी के बीच आरोपी के हाथ से पिस्टल गिर गई। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने पिस्टल उठाकर पुलिस को सौंप दी।
पुलिस ने वीडियो कब्जे में लेकर जांच शुरू की
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। शुरुआती जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा माना जा रहा है। पुलिस वीडियो फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
यह भी पढ़े:-https://chardapunjabtv.com/shaheed-udham-singh-martyrdom-day-2026/
फिलहाल पुलिस की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। जांच अधिकारी ने टिप्पणी करने से इनकार किया है, जबकि थाना प्रभारी ने भी जांच पूरी होने तक अधिक जानकारी साझा नहीं की।

