जालंधर -(मनदीप कौर)- जिले के बिस्त दोआब नहर में गांव लांदड़ा कॉलोनी के पास पुल के नजदीक गुरुवार सुबह एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस चौकी अप्परा की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नहर से बाहर निकाला।
पुलिस चौकी अप्परा के इंचार्ज सुखविंदर पाल सोढ़ी ने बताया कि सुबह ग्रामीणों ने नहर में एक युवक का शव तैरता हुआ देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
यह भी पढ़े:-https://chardapunjabtv.com/jalandhar-bikrampura-activa-theft-cctv-accused/
पुलिस के अनुसार, मृतक की उम्र करीब 40 वर्ष है। उसका सिर मुंडा हुआ है, दाढ़ी रखी हुई है और रंग गेहुआं है। मृतक ने काले रंग की टी-शर्ट और हल्के नीले रंग का पजामा पहन रखा था। उसके एक हाथ पर अंग्रेजी का ‘M’ अक्षर गुदा हुआ है।
फिलहाल शव की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को पहचान के लिए सिविल अस्पताल फिल्लौर की मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को इस व्यक्ति के बारे में कोई जानकारी हो तो वह तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन या पुलिस चौकी अप्परा से संपर्क करें।

