पंजाब न्यूज -(मनदीप कौर)- पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए लुधियाना के कूमकलां पुलिस थाने में तैनात ASI जगजीवन सिंह को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिस अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
यह भी पढ़े:-https://chardapunjabtv.com/ludhiana-bvm-school-student-beaten-teacher-cctv-case/
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता के एक रिश्तेदार के खिलाफ कूमकलां थाना में एक मामला दर्ज था, जिसकी जांच ASI जगजीवन सिंह कर रहे थे। आरोप है कि जांच के दौरान आरोपी अधिकारी ने रिश्तेदार की जमानत में मदद करने के बदले 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी और पहली किश्त के रूप में यह रकम ले भी ली।
इसके बाद ASI ने शिकायतकर्ता को दोबारा बुलाकर 10 हजार रुपये की अतिरिक्त रिश्वत की मांग की। लगातार हो रही रिश्वतखोरी से परेशान शिकायतकर्ता ने इसकी सूचना पंजाब विजिलेंस ब्यूरो, लुधियाना रेंज को दी।
शिकायत की जांच के बाद विजिलेंस टीम ने योजना बनाकर कार्रवाई की। दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में ट्रैप लगाया गया और ASI जगजीवन सिंह को शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया।
विजिलेंस ब्यूरो ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है और भ्रष्टाचार में शामिल किसी भी सरकारी कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

