पंजाब -(मनदीप कौर)- पंजाब के बरनाला जिले से बड़ी खबर सामने आई है। महल कलां टोल प्लाजा पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब कार सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर अचानक गोलियां चला दीं। हालांकि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को मौके पर ही दबोच लिया और उनके कब्जे से दो अवैध पिस्तौल तथा इस्तेमाल की गई कार बरामद कर ली।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार मुख्य आरोपी की पहचान अरसदीप सिंह उर्फ अर्सी निवासी गांव बख्तगढ़ (बरनाला) के रूप में हुई है। वह कई आपराधिक मामलों में वांछित था और लंबे समय से फरार चल रहा था। उसके साथ पकड़े गए दूसरे आरोपी की पहचान गुरसरन सिंह, निवासी गांव रोता, थाना निहाल सिंह वाला, जिला मोगा के रूप में हुई है।
यह भी पढ़े:-https://chardapunjabtv.com/ludhiana-vigilance-asi-bribe-arrest/
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने पुलिस टीम पर दो राउंड फायर किए थे। तलाशी के दौरान उनके पास से एक 30 एमएम पिस्तौल और एक 32 बोर पिस्तौल बरामद की गई। घटना की सूचना मिलते ही फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उम्मीद है कि जांच के दौरान उनके आपराधिक नेटवर्क तथा अन्य मामलों से जुड़े महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।

