फरीदकोट -(मनदीप कौर)-पंजाब में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है। विजिलेंस ब्यूरो ने फरीदकोट के जैतो पुलिस स्टेशन में तैनात एएसआई हरपाल सिंह को ₹73,500 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।
मामले की शुरुआत जैतो के टिब्बी साहिब रोड की रहने वाली गुरप्रीत कौर की शिकायत से हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पति लखवीर सिंह उर्फ लक्की और सास जसवीर कौर को कुछ दिन पहले नशीली गोलियों के मामले में गिरफ्तार किया गया था। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया था।
शिकायत के मुताबिक, जांच अधिकारी एएसआई हरपाल सिंह ने गुरप्रीत कौर को भी केस में फंसाने की धमकी दी और ₹2 लाख की रिश्वत की मांग की। इसके बाद गुरप्रीत कौर ने विजिलेंस ब्यूरो से संपर्क किया।
एसएसपी विजिलेंस फिरोजपुर के निर्देश पर डीएसपी विजिलेंस फरीदकोट विनोद कुमार और इंस्पेक्टर संदीप सिंह की अगुवाई में टीम ने जाल बिछाया। सरकारी गवाहों की मौजूदगी में एएसआई को ₹73,500 की रिश्वत लेते हुए मौके पर ही पकड़ लिया गया।
डीएसपी विनोद कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत केस दर्ज किया जा रहा है। उसे अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा और उसकी संपत्ति की भी जांच की जाएगी।

