जालंधर-(मंदीप कौर )- महानगर के बस्ती दानिशमंदा स्थित वाल्मीकि मोहल्ला में मंगलवार शाम एक महिला द्वारा फंदा लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान करीब 50 वर्षीय एकता के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया।
मृतका के भाई राजविंदर गिल ने बताया कि उसकी बहन एकता घर में अकेली रहती थी। बेटियों की शादी हो चुकी है और वह पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव और डिप्रेशन से गुजर रही थी। परिवार के अनुसार वह अक्सर काम से घर लौटने के बाद कहती थी कि उसका मन नहीं लगता।
इलाके के प्रधान जतिंदर कुमार ने बताया कि वह एकता को अपनी बड़ी बहन की तरह मानते थे। उन्होंने बताया कि दोपहर करीब ढाई बजे उनकी मुलाकात एकता से हुई थी, जिसके बाद वह अपने घर चले गए। कुछ समय बाद उन्हें जानकारी मिली कि एकता ने घर में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है।
थाना पांच के जांच अधिकारी एएसआई मनजीत सिंह ने बताया कि कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि बस्ती दानिशमंदा के वाल्मीकि मोहल्ला में एक महिला ने पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि महिला पिछले कुछ दिनों से डिप्रेशन में थी। फिलहाल पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है।

