कानपुर -(मनदीप कौर )- उत्तर प्रदेश के कानपुर में देहात के सिकंदरा थाना क्षेत्र में बच्चों से भरी एक स्कूल बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गई। हादसे के समय बस में करीब 20 बच्चे सवार थे। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में बच्चों को केवल मामूली चोटें आईं।
जानकारी के अनुसार, राज इंटर कॉलेज की बस बच्चों को लेकर जा रही थी। जैसे ही बस उछेता गांव के पास पहुंची, वह अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खेत में पलट गई। बस पलटते ही बच्चों में चीख-पुकार मच गई।

हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने बस में फंसे बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसे में बच्चों को मामूली चोटें आई हैं। बस के अनियंत्रित होकर पलटने की असली वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल घटना के बाद बच्चों की सुरक्षा और हादसे के कारणों को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

