अमृतसर -(मनदीप कौर)- पंजाब सरकार के ड्रग्स विरोधी अभियान के तहत अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने गुरु की वडाली इलाके में बड़ा कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन (CASO) चलाया। यह कार्रवाई छेहर्टा थाना क्षेत्र में सुबह-सुबह की गई, जिसमें 100 से ज्यादा पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने हिस्सा लिया।
पुलिस टीमों ने सुबह से करीब 8 बजे तक इलाके के घरों, संदिग्ध स्थानों और संवेदनशील इलाकों की गहन तलाशी ली। इस दौरान पूछताछ और सत्यापन के लिए 6 लोगों को हिरासत में लिया गया।

यह भी पढ़े:- लोपोके में धार्मिक स्थल पर सेवा कर रहे सुरजीत सिंह को गोली, छाती में लगी गोली; पुलिस जांच में जुटी
ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने एक्साइज एक्ट और NDPS एक्ट के तहत बरामदगी भी की है। संबंधित मामलों में कानूनी कार्रवाई जारी है।
इसके अलावा पुलिस ने 3 लावारिस या संदिग्ध वाहनों को भी जब्त किया। इन वाहनों के दस्तावेजों और मालिकाना हक की जांच की जा रही है, ताकि इनके इस्तेमाल और वास्तविक मालिकों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।
पुलिस के मुताबिक, CASO के लिए उन इलाकों को विशेष रूप से चुना गया था, जहां ड्रग्स और अन्य गैर-कानूनी गतिविधियों से संबंधित शिकायतें या सूचनाएं सामने आई थीं। पुलिस टीमों ने संभावित संदिग्धों और नशा तस्करी से जुड़े लोगों की पहचान के लिए सर्च अभियान चलाया।
अमृतसर के DCP (जांच) प्रभजोत सिंह विर्क ने कहा कि अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ड्रग्स के खिलाफ जीरो-टॉलरेंस नीति के तहत लगातार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि संदिग्ध या गैर-कानूनी गतिविधियों में शामिल पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

