बटाला:-(मनदीप कौर)- बटाला के अलीवाल रोड स्थित फ्रेंड्स कॉलोनी में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक घर से मां-बेटी के शव बरामद हुए। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
मृतकों की पहचान बबली और उसकी बेटी तमन्ना के रूप में हुई है। परिवार के अनुसार, तमन्ना की उम्र करीब 10-11 वर्ष बताई जा रही है।

यह भी पढ़े:- भारत की महिला कबड्डी टीम ने जीता गोल्ड, फाइनल में ईरान को 37-34 से हराया
मृतका के भाई विजय ने आरोप लगाया है कि उसकी बहन और भांजी की हत्या उसके जीजा जसविंदर मसी ने की है। विजय के मुताबिक परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था।
परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों के अनुसार, जसविंदर नशे का आदी था और कथित तौर पर पैसों को लेकर भी विवाद करता था। परिवार का कहना है कि बबली लोगों के घरों में काम करके अपनी और अपनी बेटी की देखभाल कर रही थी।
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइंस थाने की पुलिस और 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस टीम ने मौके से सबूत जुटाए हैं और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार हत्या के पीछे की असली वजह और घटना में किसकी भूमिका है, इसका पता जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।
पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।

