जालंधर -(मनदीप कौर)- पंजाबी YouTuber मणि शौकर उर्फ मनप्रीत सिंह को कोर्ट ने 3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। जालंधर पुलिस ने उसे उसके दो साथियों के साथ गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक आरोपियों से कुल 5 पिस्टल और 5 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
जंडियाला मोड़ पर नाके के दौरान हुआ था विवाद

पुलिस के अनुसार 18 सितंबर को जंडियाला मोड़ पर पुलिस टीम वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान PB-08-GB-1101 नंबर की महिंद्रा स्कॉर्पियो को रोककर जांच की गई।
यह भी पढ़े:- जालंधर की मकसूदां सब्जी मंडी में गुंडागर्दी, 41 नंबर दुकान के बोर्ड फाड़ने का आरोप
पुलिस का आरोप है कि गाड़ी में बैठे एक व्यक्ति ने पिस्टल निकालकर पुलिस अधिकारी पर फायर करने की कोशिश की। SI ने उसका हाथ पकड़कर उसे एक तरफ धकेला, जिसके बाद कथित तौर पर दो गोलियां चलीं और पास स्थित ढाबे की दीवार पर जा लगीं। इसके बाद पुलिस टीम ने दोनों को काबू कर लिया।
पुलिस के अनुसार गोली चलाने वाले व्यक्ति की पहचान मनप्रीत सिंह उर्फ मणि शौकर के रूप में हुई, जबकि स्कॉर्पियो चालक की पहचान दिलप्रीत सिंह के रूप में बताई गई।
पूछताछ में 4 और पिस्टल बरामद
पुलिस के मुताबिक शुरुआती कार्रवाई में कथित तौर पर इस्तेमाल की गई Glock पिस्टल और 3 कारतूस बरामद हुए। इसके बाद पूछताछ के दौरान पुलिस ने 4 और पिस्टल तथा 2 अतिरिक्त जिंदा कारतूस बरामद करने का दावा किया। इस तरह कुल बरामदगी 5 पिस्टल और 5 जिंदा कारतूस बताई गई है।
पुलिस ने इस मामले में मणि शौकर के अलावा दिलप्रीत सिंह और मेहर सिंह उर्फ प्रिंस को भी गिरफ्तार किया है।
कोर्ट ने 3 दिन का रिमांड दिया
दो दिन के पुलिस रिमांड की अवधि पूरी होने के बाद मणि शौकर को कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस ने अदालत से पूछताछ के लिए 4 दिन का अतिरिक्त रिमांड मांगा था, लेकिन अदालत ने दलील सुनने के बाद 3 दिन का पुलिस रिमांड मंजूर किया।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के जरिए हथियारों की कथित सप्लाई और इस मामले से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। मामले की जांच अभी जारी है।

