फिरोजपुर -(मनदीप कौर)- पंजाब के फिरोजपुर जिले में गोली मारकर हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। मखू थाना क्षेत्र के गांव पद्धरी में 23 वर्षीय दविंदर सिंह उर्फ दीपू की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक दविंदर सिंह मोटरसाइकिल पर गांव पद्धरी की तरफ जा रहा था। इसी दौरान दो गाड़ियों में सवार हथियारबंद लोगों ने उस पर गोलियां चला दीं। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

यह भी पढ़े:- Jalandhar Accident: जालंधर-होशियारपुर रोड पर पलटा ट्रक, चालक घायल; बड़ा हादसा टला
घायल दविंदर सिंह को इलाज के लिए सिविल अस्पताल जीरा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रिपोर्ट के अनुसार उसके हाथ और छाती में गोली लगी थी।
परिवार ने लगाया यह आरोप
परिवार की ओर से आरोप लगाया गया है कि दविंदर सिंह की बहन के ससुराल पक्ष के साथ विवाद चल रहा था। परिवार के मुताबिक करीब 15 दिन पहले उसकी बहन को ससुराल से वापस मायके लाया गया था। परिवार को शक है कि इसी विवाद के चलते दविंदर सिंह को निशाना बनाया गया।
हालांकि, हत्या की असली वजह और हमलावरों की पहचान पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अब घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है। हमलावरों की पहचान और हत्या के पीछे के मकसद का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

