बटाला -(मनदीप कौर)- पंजाब के बटाला से गोलीकांड की बड़ी खबर सामने आई है। डेरा बाबा नानक हलके के गांव मल्लियांवाल में रविवार देर शाम घर के बाहर टहल रहे करीब 35 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान फालजीत सिंह उर्फ लाली, पुत्र सुलखण सिंह, निवासी गांव मल्लियांवाल के रूप में हुई है।
बातचीत के दौरान हुआ विवाद

मिली जानकारी के अनुसार फालजीत सिंह अपने घर के बाहर टहल रहा था। इसी दौरान कुछ लोग पैदल उसके पास पहुंचे और उससे बातचीत करने लगे। परिवार के अनुसार बातचीत के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद फालजीत सिंह पर गोली चला दी गई। गोली उसके सिर में लगी।
यह भी पढ़े:- 5 दिन बंद रहेंगे बैंक! SBI ने किया अलर्ट, 26 से 30 सितंबर तक नहीं होगा सामान्य बैंकिंग कामकाज
परिवार के सदस्य उसे तुरंत इलाज के लिए बटाला सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर विपनदीप सिंह के अनुसार युवक की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो चुकी थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखा गया और पुलिस को सूचना दी गई।
पांच बहनों का इकलौता भाई था फालजीत
परिवार के अनुसार फालजीत सिंह पांच बहनों का इकलौता भाई था और उसके दो छोटे बच्चे भी हैं। उसके पिता की करीब एक महीने पहले ही मौत हुई थी। इस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
परिवार ने रंजिश की बात कही
मृतक के चाचा लखविंदर सिंह के अनुसार परिवार में पहले से शरीके को लेकर विवाद चल रहा था। उनके मुताबिक फालजीत सिंह द्वारा कंबाइन खरीदकर कंबाइन का काम शुरू करने के बाद दूसरे पक्ष के साथ रंजिश पैदा हुई थी। यह परिवार की ओर से बताया गया कारण है; गोलीकांड के वास्तविक कारण की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। वारदात को अंजाम देने वाले कौन थे और गोलीकांड के पीछे वास्तविक वजह क्या थी, इसकी जानकारी जांच के बाद सामने आएगी।

