जालंधर -(मनदीप कौर)- थाना डिवीजन नंबर-1 के अंतर्गत आने वाले गुलाब देवी रोड इलाके में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक बच्चे को बाइक सवार युवकों द्वारा अपने साथ ले जाने की सूचना सामने आई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, इलाके में लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। पूर्व पार्षद जगदीश समराय ने मौके पर पहुंचकर लोगों से घटना के बारे में जानकारी ली। स्थानीय लोगों ने बताया कि बाइक सवार तीन युवक एक बच्चे को अपने साथ लेकर फरार हो गए।

यह भी पढ़े:-जालंधर में UPI चार्ज के खिलाफ प्रदर्शन, पीएम मोदी का पुतला फूंका
लोगों के अनुसार, बाइक सवारों ने बच्चे का बैग नहर में फेंक दिया। इसके बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया और घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही एसपी मुख्यालय रांय, थाना प्रभारी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अभी तक इसे kidnapping का मामला नहीं माना गया है, लेकिन मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जा रही है।
घटना से जुड़ी एक तस्वीर भी सामने आई है, जिसमें बाइक सवार कुछ लोगों के बीच बच्चे को बैठाकर ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस इस तस्वीर और अन्य उपलब्ध जानकारी के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।
वहीं, मामले को लेकर इलाके में मौजूद स्कूलों के प्रिंसिपलों से भी जानकारी ली गई है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बच्चा कौन है और बाइक सवार उसे अपने साथ क्यों लेकर गए।
फिलहाल पुलिस जांच जारी है और मामले से जुड़ी पूरी जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

