अमृतसर -(मनदीप कौर)- पंजाब में नशा तस्करी के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच अमृतसर से बड़ी खबर सामने आई है। सीआई अमृतसर की टीम ने एक आरोपी के कब्जे से 10 किलो हेरोइन बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ड्रोन के माध्यम से पहुंची हेरोइन की खेप को आगे सप्लाई करने की तैयारी में था।
डीजीपी गौरव यादव के अनुसार, शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी कथित तौर पर विदेश में बैठे एक तस्कर के संपर्क में था और उसके इशारे पर हेरोइन की खेप हासिल कर आगे सप्लाई कर रहा था।

यह भी पढ़े:-6 महीने के बच्चे पर Pitbull का हमला, गंभीर हालत में अस्पताल रेफर
पुलिस के मुताबिक सीआई अमृतसर की टीम को सूचना मिली थी कि सहजप्रीत सिंह नामक व्यक्ति ने अपने घर के नजदीक ड्रोन के माध्यम से हेरोइन की बड़ी खेप हासिल की है। इसके बाद पुलिस टीम ने संदिग्ध के घर पर छापा मारा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से करीब 10 किलो हेरोइन बरामद की गई।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस नेटवर्क में उसके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हैं। साथ ही सीमा पार से नशे की तस्करी करने वाले नेटवर्क के बारे में भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
इस संबंध में 17 सितंबर 2026 को FIR नंबर 59 दर्ज की गई है। पुलिस ने NDPS Act की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

