जालंधर -(मनदीप कौर)- कमिश्नरेट पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गुरु नानकपुरा ईस्ट इलाके में दो गाड़ियों से 83 पेटी अवैध शराब बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दो गाड़ियों से मिली 83 पेटी शराब

पुलिस के अनुसार, सूचना मिलने के बाद टीम ने बताए गए स्थान पर छापेमारी की। मौके पर दो गाड़ियां खड़ी मिलीं। तलाशी लेने पर मारुति ब्रेजा से 40 पेटी शराब और मारुति बलेनो से 43 पेटी शराब बरामद हुई।
इस तरह दोनों वाहनों से कुल 83 पेटी यानी 7.47 लाख मिलीलीटर से अधिक अवैध शराब जब्त की गई।
तीन आरोपियों पर मामला दर्ज
पुलिस के अनुसार मामले में वरुण कपूर, नितिन नागपाल उर्फ नंदू और राजीव उर्फ जीबा के खिलाफ पंजाब आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी बड़े स्तर पर अवैध शराब बेचने का कथित कारोबार कर रहे हैं। इसके बाद पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की।
शराब के सैंपल लेकर सील की गई बरामदगी
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बरामद शराब के सैंपल मौके पर ही लिए। सैंपलों को प्लास्टिक केन में सील कर ‘RP’ मोहर लगाई गई। दोनों वाहनों और बरामद शराब को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
पुलिस अब मामले में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और शराब की सप्लाई के स्रोत का पता लगाने के लिए आगे की जांच कर रही है।

