लुधियाना:-(मनदीप कौर)- शहर में चोरी की एक वारदात सामने आई है, जहां शेरपुर भगत सिंह कॉलोनी स्थित एक ज्वेलरी दुकान पर ग्राहक बनकर पहुंचे एक व्यक्ति पर सोने की चेन चोरी कर फरार होने का आरोप है। बताया जा रहा है कि आरोपी दुकान से करीब 5 सोने की चेन लेकर निकल गया, जिससे दुकानदार को लाखों रुपये का नुकसान होने की बात सामने आई है।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी ग्राहक बनकर दुकान पर पहुंचा और पहले कान की बालियां दिखाने को कहा। इसके बाद उसने सोने का लॉकेट दिखाने की मांग की। दुकानदार अलग-अलग सामान दिखाने में व्यस्त रहा और इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर सोने की चेन पर हाथ साफ कर दिया।

यह भी पढ़े:-टोल प्लाजा पर माइनिंग चेकिंग के दौरान हंगामा, बैरियर तोड़कर भागे टिप्पर
बताया गया कि घटना के समय दुकान पर दो अन्य ग्राहक भी मौजूद थे। वारदात के करीब आधे घंटे बाद दुकानदार को डिब्बे से 5 सोने की चेन गायब होने का पता चला। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। रिपोर्ट के अनुसार, चोरी हुए गहनों की कीमत करीब 9 लाख रुपये बताई जा रही है।
CCTV में कैद हुई वारदात
पूरी घटना दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद होने की बात सामने आई है। फुटेज में कथित तौर पर आरोपी को अलग-अलग आभूषण दिखाने के लिए दुकानदार से मांग करते हुए देखा जा सकता है। उसके साथ एक अन्य युवक के मौजूद होने की भी बात कही गई है।
पुलिस ने CCTV फुटेज और दुकानदार के बयान के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता ने पुलिस से आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
दुकानदार के अनुसार, वह करीब 25 वर्षों से सुनार का काम कर रहे हैं और उनके साथ इस तरह की घटना पहली बार हुई है। पुलिस अब CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और उसके आने-जाने के रास्ते की जानकारी जुटाने में लगी है।
पुलिस का कहना है कि जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना में शामिल व्यक्ति पर लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

