फरीदकोट -(मनदीप कौर)- पंजाब में नशे के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत फरीदकोट पुलिस की CIA Staff टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान दो युवकों को कथित तौर पर हेरोइन की बड़ी खेप के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से कुल 12 किलो 221 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है।
पुलिस के मुताबिक, CIA Staff प्रभारी SI हाकम सिंह के नेतृत्व में टीम ने अमृतसर-बठिंडा नेशनल हाईवे-54 पर गांव चंदबाजा के पास नाकाबंदी की थी। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक पर आ रहे दो युवकों ने पुलिस को देखकर बाइक मोड़कर भागने की कोशिश की।

यह भी पढ़े:-लुधियाना में ज्वेलरी शॉप से 5 सोने की चेन चोरी, ग्राहक बनकर आया शख्स CCTV में कैद
पुलिस ने पीछा कर दोनों युवकों को काबू कर लिया। तलाशी के दौरान एक आरोपी के कंधे पर लटके किट बैग से हेरोइन के 6 पैकेट बरामद होने की बात सामने आई। पुलिस के अनुसार बरामद नशीले पदार्थ का कुल वजन 12 किलो 221 ग्राम है।
दो आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने आरोपियों की पहचान सुदागर सिंह उर्फ घुल्ला, निवासी गांव करमूवाला, जिला तरनतारन और कवलजीत खान उर्फ कम्मू के रूप में बताई है।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ थाना सदर फरीदकोट में NDPS Act के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपियों के कब्जे से बाइक और मोबाइल फोन भी बरामद किए जाने की जानकारी दी गई है।
हेरोइन की सप्लाई को लेकर होगी पूछताछ
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। उनके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास करेगी कि इतनी बड़ी मात्रा में बरामद हेरोइन कहां से लाई गई थी और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी।
आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड लेने के बाद मामले से जुड़े बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की जांच की जाएगी।

