जालंधर – (मनदीप कौर)- शहर में वाहन चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ताजा मामला टिकिया वाले चौक के पास का है, जहां एक युवक की मोटरसाइकिल चोरी हो गई। चोरी की यह वारदात आसपास लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में कथित तौर पर एक व्यक्ति बाइक लेकर जाता हुआ दिखाई दे रहा है।
पीड़ित राजकुमार पुत्र हरबंस लाल ने बताया कि वह टिकिया वाले चौक के पास ‘सोनी बुटीक’ में काम करते हैं। उन्होंने बताया कि 1 सितंबर को सुबह करीब 11 बजे उनकी बजाज सिटी-100 मोटरसाइकिल, नंबर PB 08 DD 8164, मॉडल 2015, प्राथमिक स्कूल वाली गली के पास खड़ी थी।

राजकुमार के मुताबिक, जब वह रात करीब 9:15 बजे काम खत्म करके घर जाने लगे तो उनकी मोटरसाइकिल वहां मौजूद नहीं थी। इसके बाद उन्होंने आसपास तलाश की, लेकिन बाइक का कोई सुराग नहीं मिला।
पुलिस को दी लिखित शिकायत
बाइक गायब होने के बाद पीड़ित ने मामले की शिकायत थाना डिवीजन नंबर 4 में दर्ज करवाई। शिकायत अधिकारी संजीव बाबा ने प्राप्त की। पीड़ित का कहना है कि उसने पुलिस को CCTV फुटेज भी उपलब्ध करवाई, जिसमें कथित तौर पर चोर बाइक लेकर जाता हुआ नजर आ रहा है।
यह भी पढ़े:-अमृतसर में अवैध हथियार सप्लाई नेटवर्क का भंडाफोड़, 3 आरोपी गिरफ्तार; 2 AK-47 बरामद
राजकुमार ने आशंका जताई कि चोरी हुई मोटरसाइकिल का किसी गलत काम या वारदात में इस्तेमाल किया जा सकता है। उन्होंने पुलिस से बाइक बरामद करने और आरोपी को पकड़ने की मांग की है।
CCTV फुटेज के बावजूद कार्रवाई पर सवाल
पीड़ित राजकुमार ने मीडिया से बातचीत के दौरान पुलिस की कार्रवाई पर नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि शिकायत दर्ज करवाने और CCTV फुटेज उपलब्ध करवाने के बावजूद अभी तक बाइक बरामद नहीं हुई है।
पीड़ित का कहना है कि पुलिस की ओर से कार्रवाई का भरोसा तो दिया जा रहा है, लेकिन उन्हें अब तक कोई ठोस नतीजा नहीं मिला। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर बाइक बरामद नहीं किया गया, तो वह मामले के सभी सबूत और तस्वीरें लेकर पुलिस कमिश्नर से मुलाकात कर न्याय की गुहार लगाएंगे।
शहर में लगातार सामने आ रही वाहन चोरी की घटनाएं
स्थानीय लोगों के मुताबिक, जालंधर में वाहन चोरी की घटनाएं लोगों के लिए चिंता का विषय बनी हुई हैं। लोगों का कहना है कि व्यस्त बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी वाहन सुरक्षित नहीं हैं।
ताजा घटना भी शहर के एक व्यस्त बाजार से जुड़ी है। ऐसे में लोगों ने पुलिस प्रशासन से बाजारों और संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाने के साथ-साथ CCTV कैमरों की मदद से वाहन चोरी करने वाले आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान तथा चोरी हुई मोटरसाइकिल की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।

