अमृतसर -(मनदीप कौर)- शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने और लोगों को जाम से राहत दिलाने के लिए प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। शहर के अलग-अलग इलाकों में सड़क और फुटपाथ पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया, वहीं ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के चालान भी काटे गए।
सड़क और फुटपाथ से हटाए गए अवैध कब्जे

अमृतसर में दुकानदारों और रेहड़ी वालों द्वारा सड़क व फुटपाथ पर किए गए अवैध कब्जों के कारण लगातार ट्रैफिक प्रभावित होने की शिकायतें सामने आ रही थीं। इसके बाद नगर निगम और ट्रैफिक पुलिस की टीमों ने कार्रवाई करते हुए कई जगहों से कब्जे हटाए।
प्रशासन का कहना है कि सड़क और फुटपाथ आम लोगों की सुविधा के लिए हैं। इन पर कब्जा होने से पैदल चलने वालों के साथ-साथ वाहन चालकों को भी परेशानी होती है और कई जगहों पर ट्रैफिक जाम की स्थिति बन जाती है।
ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों के चालान
अवैध कब्जों को हटाने के साथ-साथ यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के चालान भी किए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आगे भी अभियान जारी रहेगा।
अस्पतालों के आसपास अवैध पार्किंग पर भी सख्ती
प्रशासन की ओर से अस्पतालों के स्टाफ को भी अवैध पार्किंग हटाने की अपील की गई है। अधिकारियों का कहना है कि अस्पतालों के आसपास गलत तरीके से वाहन खड़े होने के कारण आम लोगों और मरीजों को परेशानी होती है।
इसके अलावा अवैध रेहड़ियों और ऑटो चालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
अवैध कब्जाधारियों को चेतावनी
एडीसीपी ट्रैफिक अमनदीप कौर ने बताया कि शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोगों को पहले भी अवैध कब्जे हटाने के लिए चेतावनी दी गई है। इसके बाद नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
वहीं समाजसेवी डॉ. हरीश शर्मा ने भी प्रशासन की कार्रवाई की सराहना की। उनका कहना है कि सड़कों पर बड़े स्तर पर किए गए अवैध कब्जों के कारण लंबे समय से ट्रैफिक की समस्या बनी हुई थी।
प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद अब अवैध कब्जाधारियों, अवैध पार्किंग करने वालों, रेहड़ी संचालकों और ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों पर आगे भी सख्ती देखने को मिल सकती है

