सोलन -(ब्यूरो रिपोर्ट)- हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के डगशाई पब्लिक स्कूल के हॉस्टल में नौवीं कक्षा के एक छात्र के साथ कथित रैगिंग और मारपीट का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने 5 नाबालिग सीनियर छात्रों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। स्कूल प्रबंधन ने भी पांचों छात्रों को निलंबित कर दिया है।
हॉस्टल के कमरे से बाहर खींचकर मारपीट का आरोप

शिकायत के अनुसार, 5 सितंबर को सीनियर छात्रों ने नौवीं कक्षा के छात्र को उसके हॉस्टल के कमरे से कथित तौर पर जबरन बाहर खींच लिया और उसके साथ मारपीट की। घटना के बाद छात्र और अन्य जूनियर विद्यार्थियों में डर का माहौल बताया जा रहा है।
शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि संबंधित छात्र पिछले करीब चार महीने से जूनियर विद्यार्थियों के साथ रैगिंग, धमकाने, शारीरिक हमला और गाली-गलौज कर रहे थे। कुछ सीनियर छात्रों पर हथियार रखने के आरोप भी शिकायत में लगाए गए हैं।
वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया
घटना से जुड़ा एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर सामने आने की बात भी कही गई है। इसमें एक छात्र दूसरे छात्र के साथ मारपीट करता हुआ दिखाई देने का दावा किया गया है। इस मामले के सामने आने के बाद अभिभावकों ने स्कूल प्रशासन से बच्चों की सुरक्षा को लेकर कड़े कदम उठाने की मांग की है।
पुलिस ने 5 नाबालिगों पर दर्ज किया केस
एसपी सोलन साई दत्तात्रेय वर्मा के अनुसार, शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने पांच वरिष्ठ छात्रों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस चौकी डगशाई के प्रभारी एसआई राजेश कुमार मामले की जांच कर रहे हैं। पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों, वीडियो और शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।
स्कूल ने पांच छात्रों को किया निलंबित
स्कूल प्रबंधन ने मामले में पांचों छात्रों को निलंबित कर दिया है। प्रधानाचार्य तेजेंद्रजीत सिंह ने कहा कि दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद आगे उचित निर्णय लिया जाएगा।
फिलहाल पुलिस की जांच जारी है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की वास्तविक स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

