बिजनौर:-(मनदीप कौर)- उत्तर प्रदेश के बिजनौर में पुलिस ने ऐसे गिरोह का खुलासा किया है, जो कथित तौर पर लोगों को हनीट्रैप में फंसाकर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देता था और इसके बाद उनसे मोटी रकम की मांग करता था। पुलिस ने मामले में गिरोह से जुड़े 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जनसुनवाई में सामने आया मामला

पुलिस के अनुसार, जनसुनवाई के दौरान कुछ लोगों ने शिकायत की थी कि उन्हें अच्छे पद पर काम करने के बावजूद झूठे दुष्कर्म के मुकदमों में फंसाने की धमकी दी जा रही है। एक व्यक्ति ने भी इसी तरह की शिकायत एप्लीकेशन के जरिए अधिकारियों को दी थी।
यह भी पढ़े:-पंजाब में Online Lottery के नाम पर ठगी का खेल! 10 हजार से ज्यादा सोशल मीडिया अकाउंट बंद
एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई ने मामले की जांच कराई। जांच के दौरान पुलिस को एक ऐसा पैटर्न मिला, जिसमें कथित तौर पर लोगों को पहले जाल में फंसाया जाता था और बाद में उनके खिलाफ गंभीर मुकदमा दर्ज कराने की धमकी देकर पैसे मांगे जाते थे।
बिजनौर और अमरोहा में दर्ज मिले 11 मामले
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य लोगों के आपसी विवाद, पुरानी दुश्मनी और अन्य मामलों से जुड़ी जानकारी जुटाते थे। इसके बाद लोगों को अपने जाल में फंसाने की कोशिश की जाती थी।
पुलिस के मुताबिक, मांग पूरी नहीं होने पर गिरोह से जुड़ी महिलाएं और अन्य सहयोगी अलग-अलग थानों व जिलों में गंभीर धाराओं के तहत मुकदमे दर्ज करवाते थे। जांच में बिजनौर और अमरोहा जिलों में कुल 11 मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
पांच आरोपी गिरफ्तार
इस मामले में कोतवाली शहर पुलिस ने जुल्फेकार उर्फ बब्बू लंगड़ा, अफजल, गुड्डी, कुंती और प्रीति को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों और सहयोगियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस खंगाल रही पूरे नेटवर्क की कड़ियां
पुलिस अब गिरोह के पूरे नेटवर्क, उसके सदस्यों की भूमिका और कथित वसूली से जुड़े मामलों की जांच कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, अन्य मामलों में भी आरोपियों की भूमिका सामने आने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर कोई व्यक्ति झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर पैसे मांगता है, तो घबराने के बजाय तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दें।

