लुधियाना -(मनदीप कौर)- पंजाब सरकार की ओर से ऑनलाइन लॉटरी की बिक्री पर पूरी तरह रोक होने के बावजूद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ठगी के कई मामले सामने आ रहे हैं। इसी बीच गांधी ब्रदर्स के मनमीत सिंह गांधी और तरुणप्रीत सिंह गांधी ने लुधियाना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर ऑनलाइन लॉटरी के नाम पर चल रहे फर्जीवाड़े को लेकर बड़ा खुलासा किया है।
Meta की मदद से हजारों अकाउंट पर कार्रवाई

मनमीत सिंह गांधी और तरुणप्रीत सिंह गांधी के मुताबिक, लोगों से मिल रही शिकायतों के बाद लगातार इस मामले को लेकर पुलिस और संबंधित एजेंसियों से संपर्क किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि Meta की मदद से अब तक 10 हजार से ज्यादा सोशल मीडिया अकाउंट बंद करवाए जा चुके हैं।
यह भी पढ़े:-गुरुग्राम में दर्दनाक हादसा: 2 साल की बच्ची पर चढ़ा कार का टायर, मौत
इन अकाउंट्स के जरिए कथित तौर पर लोगों को ऑनलाइन लॉटरी और इनाम के नाम पर अपने जाल में फंसाने की कोशिश की जा रही थी।
फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाकर बेचते हैं लॉटरी टिकट
गांधी ब्रदर्स ने बताया कि आरोपी कथित तौर पर लॉटरी विक्रेताओं के नाम पर फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट तैयार करते हैं। इसके बाद लोगों को ऑनलाइन लॉटरी टिकट उपलब्ध करवाने और इनाम निकलने का लालच दिया जाता है।
लॉटरी का नंबर निकलने के बाद पीड़ितों को अपने इनाम की रकम हासिल करने के लिए अलग-अलग तरह के दावे या भुगतान करने के लिए मजबूर किया जाता है, जबकि आरोपी पैसे लेकर फरार हो जाते हैं।
लोगों से Online Lottery Scam से बचने की अपील
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान लोगों को ऑनलाइन ठगी से सावधान रहने की अपील भी की गई। गांधी ब्रदर्स ने स्पष्ट किया कि Punjab सरकार की ओर से ऑनलाइन लॉटरी बेचने की कोई मंजूरी नहीं है।
उन्होंने कहा कि शिकायतें मिलने के बाद वह लगातार पुलिस के साइबर सेल के संपर्क में हैं, ताकि फर्जी अकाउंट्स और ऑनलाइन ठगी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करवाई जा सके।
सरकार से मान्यता प्राप्त विक्रेताओं को लेकर भी दी जानकारी
उन्होंने यह भी बताया कि सरकारी लॉटरी की बिक्री के लिए निर्धारित नियम हैं और लॉटरी से संबंधित प्रक्रिया सरकार द्वारा तय नियमों के अनुसार ही की जाती है। ऐसे में सोशल मीडिया के जरिए मिलने वाले अनजान लॉटरी ऑफर और इनाम के संदेशों पर भरोसा करना लोगों को भारी पड़ सकता है।

