मोहाली -(मनदीप कौर )- मोहाली के सेक्टर-80 में शुक्रवार सुबह एक पुलिसकर्मी की गोली लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान ASI ओंकार सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में मामला एक्सीडेंटल फायरिंग का बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, ओंकार सिंह अपनी ड्यूटी के सिलसिले में तैनात थे। पुलिस का कहना है कि उनकी अपनी पिस्टल से करीब 4 से 5 गोलियां चलने की बात सामने आई है। गोली लगने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

यह भी पढ़े:-डेरंगला में पुलिस का बड़ा ऑपरेशन, करीब 1 किलो हेरोइन के साथ आरोपी गिरफ्तार
बताया जा रहा है कि ओंकार सिंह रिटायर्ड DGP अर्पित शुक्ला के साथ गनमैन के तौर पर तैनात थे। घटना की सूचना मिलने के बाद परिवार के सदस्य अस्पताल और मौके पर पहुंचे।
वहीं, परिवार ने घटना को लेकर कई सवाल उठाए हैं। परिवार के मुताबिक, सुबह उन्हें फोन आया कि ओंकार सिंह खड़े-खड़े गिर गए हैं और गोली चलने की बात बताई गई। उनकी पत्नी का कहना है कि ओंकार सिंह पिछले कुछ समय से परेशान चल रहे थे और छुट्टी लेना चाहते थे, लेकिन उन्हें छुट्टी नहीं मिल रही थी।
परिवार ने यह सवाल भी उठाया कि अगर पिस्टल गिरने से गोली चली होती तो एक गोली की बजाय 4-5 गोलियां कैसे चल गईं? इन्हीं सवालों के चलते परिवार घटना की पूरी जांच की मांग कर रहा है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के सही कारण और गोली चलने की परिस्थितियों को लेकर जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

