गुरदासपुर/डेरंगला: नशे के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच डेरंगला पुलिस और गुरदासपुर इंटेलिजेंस विभाग की टीम ने देर रात एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। इस्लामपुर गांव में की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक व्यक्ति को करीब 1 किलो हेरोइन के साथ गिरफ्तार करने का दावा किया है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस टीम को नशे की खेप को लेकर गुप्त सूचना मिली थी। इसके आधार पर टीम ने कार्रवाई करते हुए संदिग्ध व्यक्ति को काबू किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से करीब एक किलो हेरोइन बरामद होने की बात सामने आई है।

यह भी पढ़े:-जालंधर में ऑटो से भारी मात्रा में शराब बरामद, 794 बोतलें जब्त; 2 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद हेरोइन कहां से लाई गई थी और इसकी सप्लाई किसे की जानी थी।
गौरतलब है कि गुरदासपुर पुलिस की ओर से नशे और सीमा पार से आने वाली नशीली खेप के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। हाल की अलग-अलग कार्रवाइयों में भी पुलिस ने हेरोइन के साथ आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

