फिलौर -(मनदीप कौर)- पंजाब के जालंधर जिले के फिल्लौर के नजदीकी गांव माओ साहिब में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान हरविंदर कुमार उर्फ हैरी के रूप में हुई है। उसका शव सोमवार सुबह गांव के स्कूल मैदान से बरामद किया गया। शुरुआती तौर पर नशे की ओवरडोज की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने मौत के कारणों की पुष्टि नहीं की है।
मृतक की बहन पूजा ने बताया कि रविवार रात कुछ लोग फोन कर उसके भाई को घर से बुलाकर ले गए थे। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। सोमवार सुबह ग्रामीणों ने उसका शव स्कूल मैदान में पड़ा देखा और परिवार को सूचना दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शव मिलने के समय उसके मुंह से झाग निकल रहा था, जिससे ओवरडोज की आशंका व्यक्त की जा रही है।
यह भी पढ़े:- https://chardapunjabtv.com/rajpal-bhukhri-passes-away-heart-attack/
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतक की मां के बयान के आधार पर संदिग्ध लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
जांच अधिकारी ने बताया कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।

