पटियाला-(मनदीप कौर)- पंजाब के पटियाला जिले के घुमण नगर में पिटबुल के हमले का मामला सामने आया है। यहां किराये का मकान देखने पहुंचे एक दंपती पर पिटबुल ने हमला कर दिया। हमले में महिला और उसका पति घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
किराये का मकान देखने पहुंचे थे दंपती

जानकारी के अनुसार, दंपती किराये का मकान देखने के लिए एक घर में गए थे। इसी दौरान वहां मौजूद पिटबुल ने महिला पर हमला कर दिया। महिला को बचाने की कोशिश कर रहे उसके पति पर भी कुत्ते ने हमला कर दिया।
यह भी पढ़े:-https://chardapunjabtv.com/jalandhar-dera-illegal-possession-allegation/
बताया जा रहा है कि पिटबुल ने महिला की दाईं बाजू को गंभीर रूप से घायल कर दिया, जबकि पति की पीठ पर भी हमले के दौरान चोटें आई हैं। दोनों का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
सीसीटीवी में कैद हुआ पूरा मामला
पिटबुल के हमले की यह घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में दंपती को कुत्ते से बचने की कोशिश करते हुए देखा जा सकता है। मकान मालिक ने डंडे की मदद से पिटबुल को हटाने का प्रयास किया, लेकिन कुछ समय तक कुत्ते का हमला जारी रहा।
घटना से पहले भी उठे थे सवाल
इस घटना के बाद इलाके में पिटबुल को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि घटना से पहले मकान मालिक के घर में पिटबुल रखने को लेकर कार्रवाई क्यों नहीं की गई।
फिलहाल घायल दंपती का अस्पताल में इलाज जारी है। दोनों की ओर से पुलिस को शिकायत दिए जाने की जानकारी सामने नहीं आई है।

