जालंधर -(मनदीप कौर)-जालंधर के किशनपुरा इलाके में स्थित चीयर्स एंड बीयर्स बार रेस्टोरेंट में देर रात जमकर हंगामा होने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार कुछ युवक बार में बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान एक युवक की तबीयत बिगड़ गई और उसने वहीं उल्टी कर दी।
बताया जा रहा है कि जब रेस्टोरेंट स्टाफ ने इस बारे में युवकों से बात की तो वे भड़क गए और गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि युवकों ने स्टाफ के साथ मारपीट शुरू कर दी।
हंगामे के दौरान बार के शीशे, फर्नीचर और अन्य सामान को भी नुकसान पहुंचाया गया। मौके पर मौजूद अन्य ग्राहक डर के कारण बाहर भागने लगे। जब दूसरे कर्मचारी बीच-बचाव के लिए आए तो आरोपियों ने उनके साथ भी हाथापाई की।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने रेस्टोरेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

