जालंधर-(मनदीप कौर)-शहर के इंडस्ट्रियल एरिया में देर रात एक फैक्ट्री में भीषण आग लगने की घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार यह आग रात करीब 2 बजे अनमोल खड्ड फैक्ट्री में लगी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया।
आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। फैक्ट्री में मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत इसकी सूचना दमकल विभाग को दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया।
दमकल विभाग की करीब 3 गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग इतनी भयानक थी कि इसे पूरी तरह नियंत्रित करने में लगभग डेढ़ घंटे का समय लग गया। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आग की ऊंची लपटें साफ देखी जा सकती हैं।
दमकल विभाग के अधिकारी नरेश कुमार के अनुसार, उन्हें देर रात आग लगने की सूचना मिली थी, जिसके बाद टीम तुरंत मौके पर पहुंची। उन्होंने बताया कि आग की तीव्रता को देखते हुए फोम का इस्तेमाल करना पड़ा और करीब 3:30 बजे आग पर पूरी तरह काबू पाया गया।
प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया है कि फैक्ट्री में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। इस लापरवाही को लेकर उच्च अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है।
इस हादसे में फैक्ट्री के अंदर रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

