लुधियाना -(मनदीप कौर)- पंजाब के लुधियाना जिले से एक बेहद दुखद मामला सामने आया है। 29 वर्षीय अमरजीत सिंह कार से नंगल पहुंचा और कथित तौर पर भाखड़ा नहर में छलांग लगाकर लापता हो गया। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, नहर में छलांग लगाने से पहले अमरजीत सिंह ने अपने घर फोन किया और कहा, “मुझे ढूंढ लेना। इसके बाद उसका मोबाइल संपर्क से बाहर हो गया। परिवार को जब इस बात की जानकारी मिली तो वे तुरंत नंगल के लिए रवाना हो गए।
बताया जा रहा है कि अमरजीत सिंह विवाहित था और उसकी 9 महीने की एक मासूम बेटी भी है। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। नहर में युवक की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया था।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि युवक ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया। परिजनों और परिचितों से भी पूछताछ की जा रही है।

