जालंधर -(मनदीप कौर)- जालंधर में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। शहर के डॉ. बी.आर. अंबेडकर चौक पर तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से एक साइकिल सवार व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए।
मृतक की पहचान बस्ती दानिशमंदा निवासी रतन सिंह के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार रतन सिंह साइकिल पर सवार होकर नक़्कोदर चौक की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए एक ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि ट्रक का पहिया उनके सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस और थाना डिवीजन नंबर-4 की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया। वहीं, हादसे में शामिल ट्रक चालक को मौके से हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जांच अधिकारियों के मुताबिक दुर्घटना के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि हादसे की पूरी तस्वीर सामने आ सके। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके बयान दर्ज किए जाने के बाद मामले में अगली कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर के व्यस्त चौकों पर भारी वाहनों की आवाजाही के कारण अक्सर दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। उन्होंने प्रशासन से सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने तथा ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन करवाने की मांग की है।

